बागेश्वर। जिले में बीएसएनएल की मोबाइल और इंटरनेट सेवा आधे दिन से बाधित रही। इंटरनेट ठप पड़ने से कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। ऑनलाइन कारोबार करने वाले व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। लोगों के मोबाइल भी शोपीस बने रहे। करीब साढ़े चार घंटे बाद सेवा बहाल हो सकी।
सोमवार को दोपहर बाद करीब पौने दो बजे बीएसएनएल की संचार सेवा ठप हो गई। इंटरनेट ठप होने का असर कार्यालयों के कामकाज पर हुआ। कई कार्यालयों में कार्य बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोबाइल के सिग्नल गायब होने से लोगों को फोन पर संपर्क करने के लिए निजी कंपनियों की सेवा लेनी पड़ी। जिले के बीएसएनएल इंटरनेट उपभोक्ता भी पूरे दिन परेशान रहे। ऑनलाइन आधार कार्ड अपडेट करवाने, पेन कार्ड बनवाने, ऑनलाइन फॉर्म भरने वालों को भी दिक्कत हुई। जिले में अधिकतर उपभोक्ता बीएसएनएल से जुड़े हैं। लंबे समय तक सेवा बाधित रहने से लोग परेशान रहे। जेटीओ गौरव तड़ागी ने बताया कि बाहर से ही संचार सेवा बाधित हुई थी। शाम को सेवा सुचारू हो गई। संवाद