बागेश्वर/कपकोट। जिले में बारिश से 12 सड़कें बोल्डर और मलबा गिरने से बाधित हो गई। इससे करीब 30 हजार आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कपकोट क्षेत्र में 22.5 मिमी बारिश हुई।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुनार-गांसी सड़क पर लगातार पहाड़ी से बोल्डर गिर रहे हैं। सड़क बोल्डरों से पटी है। तुड़तुड़िया-ओलिंग-ओखलधार, हरसीला-पुड़कुनी, बदियाकोट-बोरबलड़ा, काफलीकमेड़ा, मुनार-सूपी, सनेती-कुरौली, चीराबगड़-पोथिंग, कपकोट-कर्मी, रिखाड़ी-वाछम, तेजम-बड़ी पन्याली, मिखिलाखलपट्टा सड़क पर यातायात बाधित हो गया। शाम को हरसीला-पुड़कुनी सड़क पर यातायात बहाल हो गया था।
दो मकानों के आंगन क्षतिग्रस्त
बागेश्वर/कांडा। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को कांडा तहसील के वडुवागांव में किशन सिंह और टकनार गांव में बहादुर सिंह पुत्र हरक सिंह के आवासीय मकान का आंगन क्षतिग्रस्त होने से मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित करने की कार्यवाही की जा रही है। संवाद
22 तक बारिश की संभावना जताई
बागेश्वर। आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम विज्ञान विभाग के हवाले से जानकारी दी है कि 19 से 22 जुलाई तक जिले में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। संवाद