बागेश्वर। नगर के लोगों की आस निर्माणाधीन मंडलसेरा पंपिंग पेयजल योजना का काम पेयजल निर्माण निगम मुख्य विकास अधिकारी को दी गई समय सीमा के भीतर भी नहीं कर पाया।
वर्ष 2020 से बन रही 11 करोड़ से अधिक लागत की 3.7 एमएलडी की योजना का काम मार्च 2022 में पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन लेटलतीफी के चलते पेयजल निगम समय पर काम नहीं कर पाया। योजना को पूरा करने के लिए तारीखें देता रहा। बीते 16 मई को सीडीओ आरसी तिवारी ने योजना का निरीक्षण किया था। पेयजल निगम के अभियंताओं ने 15 दिन में योजना का अवशेष काम पूरा करने, एक महीने के भीतर योजना से जलापूर्ति करने की बात सीडीओ से कही थी। जानकारी मिली है कि योजना के ओवर हेड टैंक का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। मंडलसेरा पंपिंग पेयजल योजना पर नगर के सर्वाधिक पेयजल संकटग्रस्त मंडलसेरा के साथ ही नगर के लोगों की उम्मीद है। लेटलतीफी से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
योजना से पानी लिफ्ट होने लगा है। ओवर हेडटैंक का लिंटर पड़ा है। टैंक का काम पूरा होते ही योजना से जलापूर्ति हो जाएगी। इस काम में 15-20 दिन का समय लगने का अनुमान है।
आरसी तिवारी, सीडीओ बागेश्वर।