बागेश्वर। बागेश्वर रोडवेज डिपो में बस और स्टाफ की कमी से बस सेवाओं का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। शनिवार को रोडवेज की तीन बस सेवाओं का संचालन प्रभावित रहा। केमू की दो बस सेवाएं शनिवार को भी प्रभावित रहीं।
रोडवेज स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को स्टाफ की कमी के कारण धरमघर-दिल्ली बस सेवा का संचालन नहीं हो पाया। पिछले करीब तीन महीने से बाधित बागेश्वर-धरमघर और बागेश्वर-मुनस्यारी बस सेवा का भी संचालन नहीं हुआ। डिपो की 15 में से तीन बस खराब हैं। खराब बसों की रोडवेज डिपो की अस्थायी कार्यशाला में मरम्मत की जा रही है। रोडवेज स्टेशन के इंचार्ज केबी उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को बागेश्वर से बागेश्वर-बरेली, मुनस्यारी-दिल्ली, अठपैंसिया-दिल्ली बस सेवा का संचालन हुआ।
उधर, केमू की रानीखेत-ओगला (पिथौरागढ़) और हल्द्वानी-शामा बस सेवा का संचालन नहीं हुआ। केमू के स्टेशन इंचार्ज केडी भट्ट ने बताया कि बसों के चार धाम यात्रा में लगने से बसों की कमी हुई है। संवाद