बागेश्वर। बागेश्वर के कई संगठनों से जुड़े लोगों ने रिव्यू फोरम का गठन कर सरकारी कामकाज पर निगरानी रखने का निर्णय लिया है। फोरम ने जिला प्रशासन के कामकाज पर असंतोष जताया।
शनिवार को जिला मुख्यालय के प्रकटेश्वर मंदिर में हुई कई संगठनों की बैठक में रिव्यू फोरम के गठन पर चर्चा की गई। वरिष्ठ अधिवक्ता डीके जोशी को फोरम का संयोजक बनाया गया। फोरम के संयोजक का कहना था कि जिला प्रशासन किस तरह से अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। व्यवस्था किस तरह से चल रही है, इस पर चर्चा की जाएगी। निगरानी रखी जाएगी। बैठक में मौजूद नागरिक मंच के पंकज पांडेय ने कहा कि फोरम प्रशासन को जवाबदेही की याद दिलाएगा। रमेश पांडेय ने कहा कि प्रशासनिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर अंगुली उठाते हुए डीएम का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग उठाई। कहा कि प्रशासन के कामकाज के खिलाफ हर तरह से आवाज उठ रही है। तय हुआ कि फोरम की बैठक हर माह पहली तारीख को होगी। बैठक में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी, बेरोजगार संगठन के मंडलीय संयोजक भूपेंद्र कोरंगा, भुवन चौबे, जयदीप कुमार, राहुल कुमार आदि मौजूद थे।