बागेश्वर। कांडा पंचायत घर से तल्ला डोबा तक 2.5 किमी लंबी सड़क के निर्माण की मांग के लिए ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को ग्राम पंचायत स्यालबोड के डोबा तोक के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने यहां सड़क निर्माण की मांग के लिए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि जिला मुख्यालय से 15 किमी की दूरी पर स्थित स्यालडोब ग्राम पंचायत से डोबा तोक की दूरी 2.5 किमी है। लंबे समय से ग्रामीण सड़क सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहींं होने से बीमार लोगों को डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में कांडे पंचायत घर से तल्ला डोब तक सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी। निर्माण कार्य के लिए लोनिवि ने सर्वे भी किया था कांडे के लोगों ने सर्वे के बाद आपत्ति लगा दी। दूसरे सर्वे में खेत छोड़कर अलाइनमेंट बदला गया। फिर दो लोगों ने और आपत्ति लगा दी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए आपत्ति का निस्तारण करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण करने की मांग की है। इस मौके पर बसंती देवी, आशा तिवारी, मीरा पांडे, हयात राम, चंदन सिंह आदि मौजूद रहे।