बागेश्वर। बरसात शुरू होते ही जिला अस्पताल में हुए निर्माण कार्यों की पोल खुलना शुरू हो गया है। चंद महीनों पहले करोड़ों की लागत से मरम्मत कराने के बाद भी जिला अस्पताल के वार्डों में पानी रिसाव की समस्या दूर नहीं हो रही है। पीडीएम वार्ड में पानी का रिसाव होने से वहां भर्ती मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले बच्चों को इलाज करने के लिए पीडीएम वार्ड में भर्ती किया जाता है। वार्ड में पानी का रिसाव होने से वहां भर्ती मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के रिसाव के चलते दीवारों में सीलन है जिसमें करंट फैलने का भी खतरा बना हुआ है। पानी के रिसाव से वार्ड के फर्श में पानी भर गया है जिसमें मरीजों और तीमारदारों के फिसलने का भी खतरा बना हुआ है। जिला अस्पताल में बीते सालों से भी सीलन की समस्या आती थी।
अस्पताल प्रशासन ने करोड़ों से कुछ महीने पहले ही जिला अस्पताल में मरम्मत का कार्य करवाया है। कुछ ही समय पूर्व हुए कार्यों के बाद भी पानी का रिसाव होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर रहा है।
बीते लंबे समय से जिला अस्पताल पर हुए कार्यों पर सवाल खड़े होते हैं लेकिन अब तक जिम्मेदार कार्यदायी संस्था या अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।