बागेश्वर/गरुड़/कपकोट। जिले में हुई भारी बारिश से जिला मुख्यालय समेत गरुड़ और कपकोट के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट है। लोगाें को हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाना पड़ रहा है।
नगरपालिका क्षेत्र के कठायतबाड़ा पंपिंग योजना के पंप हाउस में पानी भरने से नगर के कई स्थानों की आपूर्ति बाधित हो गई है। कठायतबाड़ा के निचले इलाके, भागीरथी, चंडिका वार्ड के ऊपरी क्षेत्र और पूल्ड हाउस में पेयजल संकट गहराने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय विभाग ने रिजर्व में रखे पानी से आपूर्ति की थी लेकिन शाम को लोगों को प्राकृतिक स्रोत और हैंडपंप की ओर दौड़ लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कपकोट के उतरौड़ा गांव के लिए बनी ग्रेविटी पेयजल योजना भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त होने से गांव में पेयजल किल्लत हो गई है। भनगड़ से बनी योजना के भी बारिश की भेंट चढ़ने से ऐठाण और बमसेरा के कुछ इलाकों में सप्लाई ठप हो गई है। जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि योजनाओं की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द आपूर्ति सुचारू की जाएगी।