गरुड़ (बागेश्वर)। जखेड़ा-सलानी सड़क पर लोनिवि ने क्रैश बैरियर और साइन बोर्ड लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क सुरक्षा मद से 3.40 करोड़ रुपये से 10 किमी सड़क में क्रैश बैरियर लगाकर सड़क को सुरक्षित किया जाएगा।
क्षेत्र के जखेड़ा और सलानी गांव को जोड़ने वाली सड़क में क्रैश बैरियर नहीं होने से खतरा बना रहता है। 10 किलोमीटर लंबी सड़क में कई स्थानों पर सड़क किनारे गहरी खाई भी है। दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। क्रैश बैरियर नहीं होने से सड़क पर यात्रा करना असुरक्षित होता है। साइन बोर्ड नहीं होने से दूरी और सड़क में पड़ने वाले गांवों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती है।
लोग और वाहन संचालक लंबे समय से विभाग से क्रैश बैरियर और साइन बोर्ड लगाने की मांग कर रहे थे।
लाेनिवि ने सड़क में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां क्रैश बैरियर और जगह-जगह साइन बोर्ड लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। क्षेत्र के लोगों ने क्रैश बैरियर लगने पर खुशी जाहिर करते हुए लोनिवि का आभार जताया है।