बागेश्वर। जिले में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में एक दिन की छुट्टी के बाद मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। अस्पताल में ओपीडी 400 पार दर्ज की गई। जिला अस्पताल में तैनात सर्जन छुट्टी पर होने और अस्थि रोग विशेषज्ञ चारधाम ड्यूटी पर होने के कारण रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. राजीव उपाध्याय तीन दिन के अवकाश पर हैं। संबंधित मरीजों को डाॅ. विदित पांडेय मरीजों का इलाज कर रहे हैं। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरिजा शंकर जोशी एक मई से 17 मई तक चारधाम यात्रा में इलाज के लिए तैनात किए हैं। इसके चलते हड्डी से संबंधित बीमारियों का इलाज प्रभावित हो रहा है। डॉ. भूपेंद्र घटियाल ने ओपीडी में मरीजों का इलाज किया। चिकित्सकों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से जिला अस्पताल में पहुंच रहे लोगों को घंटों तक लाइन लगानी पड़ रही है। देर से नंबर आने पर कई लोग मजबूरन निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
अधिकतर लोग पेट दर्द की शिकायत लेकर आ रहे
बागेश्वर। पहाड़ों में इन दिनों शादियों का सीजन जोर-शोर से चल रहा है। लोग शादियों में जाकर खाना खा रहे है। कई बार यह खाना लोगों की बीमारी का कारण भी बन रहा है। जिला अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. सीएमएस भैसोड़ा ने बताया कि अधिकतर लोग अपच, पेट दर्द, गैस और वायरल बुखार की शिकायतें लेकर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को बाहर का और तला-भुना खाने से बचने की जरूरत है। बरसात के दौरान भीगने से लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। संवाद
अस्पताल के चिकित्सक अवकाश और चारधाम यात्रा पर हैं। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है। लोगों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं।
डॉ. एएम शर्मा, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल बागेश्वर।