बागेश्वर। डीएम आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति और जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक में बैंक की नई शाखाओं की स्थापना, वित्तीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ऋण वसूली पर चर्चा की गई। पर्यटक स्थल खाती गांव में बैंक शाखा खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम भटगांई ने बैंकर्स के साथ हुई बैठक में अग्रिम जमा अनुपात कम होने पर नाराजगी जताई और इसे बढ़ाने के लिए कड़े निर्देश दिए। साथ ही, मॉनिटरिंग एक्शन प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं के तहत प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने, लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विभागीय समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में डीडीओ संगीता आर्या, डीडीएम नाबार्ड गिरीश चंद्र पंत, एलडीओ आरबीआई धीरज कुमार अरोड़ा, सीईओ गजेंद्र सिंह सौन आदि अधिकारी मौजूद रहे।