गरुड़ (बागेश्वर)। वन पंचायत सरपंचों ने वन मंत्री और वन सचिव से वन पंचायतों में पयार्वरण संवर्धन का कार्य वन पंचायतों को सौंपने की मांग की है। कहा कि पर्यावरण संवर्धन का कार्य वन पंचायतों को शीघ्र नहीं सौंपा गया तो वन पंचायत सरपंच आगामी फायर सीजन में वनों को आग से बचाने में कतई सहयोग नहीं देंगे।
वन मंत्री और वन सचिव को भेजे ज्ञापन में विकास खंड के 100 से अधिक वन पंचायत सरपंचों ने कहा है कि वन विभाग ने मात्र वनों की देखरेख का कार्य सालों से वन पंचायत सरपंचों को सौंपा है। वन पंचायतों में दीवारबंदी और पौधारोपण वन विभाग के वन विद्व, वन दराेगा, रेंज अधिकारी बाहरी नेपाली श्रमिकों से बराबर करा रहे हैं। जिससे वन पंचायत सरंपचाें का वनों के प्रति मोह कम होता जा रहा है।
सीमा के वन पंचायत सरपंच दिनेश लोहनी का कहना है वन विभाग वन पंचायत की बैठकों में जो प्रस्ताव पारित करता है। उन पर सरकार किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करती है। विकास खंड के वन पंचायत सरपंचों कहा है कि सरकार उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं करेगी तो वन पंचायत सरपंच आगामी फायर सीजन में वनों को आग से बचाने में सहयोग कतई नहीं करेंगे।