बागेश्वर। छात्रसंघ डिग्री कॉलेज के खेल मैदान से पैरा मोटर ग्लाइडिंग का विरोध किया। इस वजह से पैरा मोटर उड़ान नहीं भर पाया। पैरा मोटर ग्लाइडिंग उत्तरायणी के मेले में होनी थी।
उत्तरायणी के मेले में बृहस्पतिवार से पैरा मोटर ग्लाइडिंग होनी थी। इसके लिए संचालक पैरा मोटर के साथ सुबह डिग्री कॉलेज के मैदान में पहुंच गए। गुजरात से सात सदस्यीय टीम बागेश्वर पहुंची थी। छात्रों ने कॉलेज के मैदान का व्यावसायिक उपयोग करने पर प्रदर्शन किया। छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि इस तरह की गतिविधि महाविद्यालय के खेल मैदान से की जाती हैं। कमाई की जाती है लेकिन महाविद्यालय को लाभ नहीं होता है। उत्तरायणी के मेले में पैरा मोटर ग्लाइडिंग कराने के लिए पर्यटन विभाग ने टेंडर आमंत्रित नहीं किए। सीधे गुजरात की कंपनी को पैरा मोटर ग्लाइडिंग का काम दे दिया गया। इससे साहसिक खेल गतिविधियों का काम कर रहे स्थानीय लोगों को मौका नहीं मिला। कहा कि डिग्री कॉलेज के खेल मैदान से इस तरह की व्यावसायिक गतिविधियों को नहीं होने दिया जाएगा।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने कहा कि छात्रों के विरोध के कारण पैरा मोटर ग्लाइडिंग नहीं हो पाई। पैरा मोटर ग्लाइडिंग की निविदा निकालने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारी कार्यवाही नियमानुसार की गई है। संवाद