बागेश्वर। कपकोट का भनार क्षेत्र संचार क्रांति के इस दौर में भी संचार सेवा से वंचित है। इलाके के लोगों की फोन पर वार्ता तक नहीं हो पाती तो इंटरनेट दूर की बात है। डेढ़ साल पहले मंजूर टावर को अभी तक स्थापित नहीं किया गया है।
जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार शिखर मूल नारायण मंदिर इसी भनार क्षेत्र में है। शिखर पर्वत पर स्थित मूल नारायण मंदिर की इलाके में ही नहीं बल्कि दूर-दूर तक ख्याति है। मंदिर में दर्शन के लिए बाहरी जिलों से भी लोग पहुंचते हैं। संचार असुविधा के चलते दर्शनार्थियों को भी भुगतना पड़ता है।
करीब डेढ़ साल पहले भनार में बीएसएनएल के मोबाइल टावर को मंजूरी दी गई। भनार के लोग आज तक इस टावर का इंतजार कर रहे हैं। गांव के लोग मोबाइल टावर की स्थापना के लिए सोशल मीडिया में सरकार के साथ जनप्रतिनिधियों को घेर रहे हैं। मोबाइल टावर का सपना पूरा करने की मांग कर रहे हैं। संचार सुविधा नहीं होने के कारण इलाके के लोगों को संदेशों के आदान-प्रदान के लिए अन्यत्र जाना पड़ता है।
कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया का कहना है कि भनार में स्वीकृत मोबाइल टावर लगवाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में तीस से अधिक मोबाइल टावर स्वीकृत हैं। लगातार टावर लगाए जा रहे हैं। उनका मकसद कपकोट विधानसभा क्षेत्र को संचार सुविधा से लैस करने का है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।