बागेश्वर। एक ओर डेंगू का प्रकोप और दूसरी ओर बदलते मौसम से वायरल फीवर जोर पकड़ने लगा है। जिला अस्पताल मेंं मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बच्चे भी जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं।
जिले में सुबह-शाम हल्की ठंड होने लगी है। ग्रामीण इलाकों में ठंड की आहट से मौसमी बीमारियां बढ़ने लगी हैं। लोगों को जुकाम, खांसी, वायरल फीवर की शिकायत हो रही है। जिला अस्पताल के बाल रोग चिकित्सक डॉ. रविंद्र मेर ने बताया कि इन दिनों अधिकतर बच्चे जुकाम और बुखार की चपेट में हैं। मौसम बदलाव के समय बच्चों की देखभाल का अधिक ध्यान दिया जाना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर बच्चे जुकाम, खांसी, बुखार, निमोनिया की चपेट में आ सकते हैं।
डेंगू के 12 मरीज भर्ती, जनरल वार्ड के अतिरिक्त बेड भी फुल
बागेश्वर। जिला अस्पताल में डेंगू के मरीज रोजाना आ रहे हैं। वर्तमान में 12 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौसमी बीमारियां और अन्य परेशानियों के चलते भर्ती होने वाले मरीजों से जिला अस्पताल का जनरल वार्ड फुल है। वार्ड की गैलरी में अतिरिक्त बेड लगाकर मरीजों को भर्ती कराया गया है।
जिला अस्ताल में डेंगू का कोई भी मरीज गंभीर नहीं है। वार्ड फुल होने के बाद नए भर्ती होने वाले मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड लगाई जा रही हैं। मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस, जिला अस्पताल बागेश्वर