बागेश्वर। काफलीगैर के कराला गांव में एक बार फिर से मोर दिखाई देने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने गांव के जंगल में ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। कैमरों की मदद से मोर की गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
मोर के पहाड़ी क्षेत्र में दिखने से लोग हैरान हैं। बता दें कि सोमवार को कराला गांव के समीप जंगल में पहली बार मोर दिखाई दिया था। बुधवार को एक बार फिर सुबह के समय ग्रामीणों को मोर दिखाई दिया। मोर दिखने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। दूसरी बार मोर दिखने का पता चलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मोर की गतिविधियों की जानकारी लेने के लिए जंगल में ट्रैप कैमरे लगा दिए। रेंजर श्याम सिंह करायत ने कहा कि मोर झिरौली अनुभाग में दिख रहा है। जिस स्थान पर मोर अधिक दिख रहा है, वहां कैमरे लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोर का समुद्र तल से 1400 से 1500 मीटर ऊंचाई पर पहुंचना गंभीर पर्यावरणीय परिवर्तन का भी संकेत है। फिलहाल विभाग मोर के अकेले या जोड़े में होने की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है।