बागेश्वर। जिला अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। 500 से अधिक मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
रविवार को आयोजित शिविर में बरेली से वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेश अग्रवाल, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. प्रवीण त्रिपाठी, पेट और लीवर विशेषज्ञ डॉ. शिवम गुप्ता, किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. विद्यानंद झा, वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार चौहान और स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन बुद्धिष्ट पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि पेट में गैस, खराब लीवर, पीलिया की शिकायत वाले मरीज पहुंचे। एल्कोहल के अधिक सेवन से लीवर खराब होने वाले लोग भी आए थे। उन्हें एल्कोहल का सेवन नहीं करने और तले, भुने और मसाले वाले भोजन से बचने की सलाह दी जा रही है। घुटने और जोड़ों के दर्द वाली महिलाएं भी बड़ी संख्या में जांच कराने पहुंची। उन्हें डॉक्टरों ने उम्र के साथ बरती जाने वाली सावधानियां बताई। शिविर को संपन्न कराने में सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी और सीएमएस डॉ. तपन शर्मा का सहयोग रहा। संवाद