बागेश्वर। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड की सेवा पटरी से उतर गई है। अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल पहुंचे लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में नियुक्त रेडियोलॉजिस्ट के इस्तीफे के बाद जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। व्यवस्था के तौर पर सीएचसी बैजनाथ में तैनात रेडियोलॉजिस्ट जिला अस्पताल में तैनात थे। जो कि इन दिनों चिकित्सकीय अवकाश पर चल रहे हैं। वर्तमान में कपकोट में तैनात सोनोलॉजिस्ट डॉ. आनंद बसवाल सप्ताह में तीन दिन जिला अस्पताल में गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। मंगलवार को अल्ट्रासाउंड सेवा ठप रही, जिसके चलते दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले 15-20 मरीजों और गर्भवतियों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है।
कई लोग मजबूरन अधिक कीमत चुका कर निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर में अपनी जांच करा रहे हैं। आलम यह है कि जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक इन दिनों अल्ट्रासाउंड की सलाह अधिक दे रहे हैं। जिसको लेकर अस्पताल परिसर में मरीज और तीमारदार जमकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं लंबे समय उसे ठप अल्ट्रासाउंड की सेवा से हो रही परेशानी पर किसी जनप्रतिनिधि और अधिकारी का ध्यान नहीं जा रहा है। जिम्मेदार केवल प्रयास करने की बात कहकर कन्नी काट रहे हैं। सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने कहा कि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा। संवाद