बागेश्वर के जिला अस्पताल में बेडों से जुड़ी ऑक्सीजन पाइप लाइन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला अस्पताल के सभी बेडों में इसी महीने से ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। सभी बेडों में ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से रोगियों को काफी फायदा होगा।
जिला अस्पताल के 70 बेडों में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए 22.83 लाख रुपये की लागत से 1100 मीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 67 बेडों तक पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। अस्पताल के सभी वार्डों में सेंटर आक्सीजन आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। इमरजेंसी में रागियों को आक्सीजन की जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जाएगा। अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए एक अलग कमरे की व्यवस्था रहेगी। इस कमरे में जंबो सिलिंडर स्थापित कर सभी बेडों के लिए ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी।
बीते छह अगस्त को जिलाधिकारी विनीत कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने के कार्य में तेेजी लाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से कार्य में तेजी आई है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण विकास विभाग (आरडब्लूडी) सेंटर ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहा है। पूरी संभावना है कि अगस्त माह से ही सभी बेडों में ऑक्सीजन पाइप लाइन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
कोट
ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। 23 जुलाई तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। सभी बेडों में ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से मरीजों को तो सुविधा मिलेगी ही, व्यवस्था में भी सुधार होगा।
डॉ. बीडी जोशी मुख्य चिकित्साधिकारी बागेश्वर