बागेश्वर। जिले के प्रसिद्ध उत्तरायणी मेले की तैयारियों को लेकर नगरपालिका सभागार में बैठक हुई। बैठक में पिछली बार खाने में थूकने के प्रकरण को देखते हुए इस साल उत्तरायणी में बाहरी व्यापारियों को भोजन की दुकान लगाने की अनुमति नहीं देने का फैसला लिया गया। मेले का आयोजन 13 से 20 जनवरी तक किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष खेतवाल ने नगर की सफाई, रंगरोगन आदि पर चर्चा की। उन्हाेंने बताया कि मेले के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए 25 अतिरिक्त पर्यावरण मित्र तैनात किए जाएंगे। मेले से पूर्व बागनाथ मंदिर, सरयू घाट, नुमाइशखेत मैदान में जरूरी मरम्मत, रंगरोगन, पेंटिंग आदि का कार्य किया जाएगा। इस साल मेले की झांकी को अधिक भव्य बनाने पर जोर रहेगा। हर साल की तरह झूले, चरखे, नाव, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
कुछ नया इवेंट भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। मेले के दौरान सरयू बगड़ में दो मोबाइल टॉयलेट बनाए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मेले की तैयारियों में जुटने और समय से कार्य पूर्ण करने को कहा। इस मौके पर ईओ विनोद जीना, सभासद प्रेम सिंह हरड़िया, ललित मोहन तिवारी, विजयपाल मटियानी, नीमा जोशी आदि मौजूद रहे।