बागेश्वर में प्राचार्य अंजू अग्रवाल को ज्ञापन देते छात्र। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डिग्री कॉलेज के छात्र संगठनों ने कॉलेज में कोविड केयर सेंटर बनाने का एक बार फिर विरोध किया है। कॉलेज में कोविड सेंटर बनने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी के नेतृत्व में छात्रों ने प्राचार्य अंजू अग्रवाल के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक को भेजे ज्ञापन में कहा कि कॉलेज में कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है। जिला प्रशासन जानबूझकर कॉलेज में कोविड सेंटर बनाने का प्रयास कर रहा है। इससे कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कुछ समय बाद सुधार परीक्षा भी होनी है। इसके अलावा कॉलेज में विभिन्न प्रकार के क्रियाकलाप भी होते हैं। अधिकतर समय कॉलेज में भीड़ रहती है। कोविड केयर सेंटर बनाने का असर छात्र-छात्राओं पर पड़ेगा। नगर में और भी कई स्थान ऐसे हैं, जहां पर कोरोना रोगियों के लिए कोविड सेंटर बनाया जा सकता है।
बताया कि इससे पहले भी कोविड सेंटर बनाने का विरोध कर चुके हैं लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही है। छात्र संगठनों ने कोविड केयर सेंटर बनाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष गोविंद चंदोला, महासचिव अर्जुन थापा, पूर्व महासचिव राजेंद्र दानू, सूरज जोशी, कमलेश गढ़िया आदि शामिल थे।