ताकुला टैक्सी स्टैंड के चालकों और मालिकों ने यूनियन के अध्यक्ष पर संगठन के कार्यों पर उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए चालकों ने ताकुला मार्ग पर अपने वाहनों से चक्का जाम कर दिया। इससे इस मार्ग से टैक्सियों में बैठकर जाने वाले यात्रियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने यूनियन को भंगकर नई कार्रकारिणी का शीघ्र गठन करने की मांग की।
सोमवार सुबह ताकुला सड़क के टैक्सी चालक और मालिक टैक्सी स्टैंड पर जमा हुए। उन्होंने यूनियन के अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि चालकों का पुलिस और एआरटीओ द्वारा अनावश्यक चालान किया जा रहा है। गोमती पुल के पास टैक्सियों को खड़ी नहीं होने दिया जाता। स्टैंड का सुंदरीकरण समेत अन्य लंबित समस्याओं पर यूनियन अध्यक्ष चुप्पी साधे रहते हैं। वाहन चालकों को यूनियन का हिसाब किताब भी नहीं बताया जाता है। कहा कि यदि उत्पीड़न के मामलों में चुप ही रहना है तो इस तरह की यूनियन की कोई आवश्यकता ही नहीं है।
उन्होंने यूनियन के अध्यक्ष से अपने पद से फौरन इस्तीफा देने और यूनियन का नए सिरे से गठन करने को कहा। धरना प्रदर्शन करने वालों में उमेश पांडे, राजेंद्र सिंह, प्रकाश उपाध्याय, मदन मोहन, पूरन सिंह, मदन सिंह, बलवंत सिंह, हरीश चंद्र, अशोक कुमार, राजू सिंह विक्की आदि शामिल थे।
यूनियन में कुछ लोग अपनी मनमानी चाहते हैं। इससेे यूनियन में पहले की तरह ही अराजकता होगी, यदि वह मुझे अध्यक्ष पदा पर नहीं देखना चाहते हैं तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं।
- प्रदीप कुमार, यूनियन अध्यक्ष