नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पंचायत द्वारा लगाए जाने वाले नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और यूजर चार्ज उपनिधि 2017 का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष से इस तरह के कर किसी भी हालत में उन पर नहीं थोपने को कहा है। कर लगाने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नागरिकों और व्यापारियों ने कहा है कि नगर पंचायत में विकास की न तो रफ्तार तेज हुई है और न सफाई के ही ठोस इंतजाम हैं। सड़क से लगे इलाकों में सफाई होती भी है तो कूड़ा कई दिनों तक सड़क पर ही फैला रहता है। रास्तों की हालत खस्ता है। गंदे पानी के निकास के लिए नालियां नहीं बनी हैं।
वार्डों के भीतर हिस्सों में आज तक पर्यावरण मित्र पहुंचे ही नहीं हैं। उन्होंने पंचायत अध्यक्ष और ईओ से कहा कि जब तक लोगों को पर्याप्त सुविधाएं और समस्याओं का समय से समाधान हो नहीं जाता तब तक किसी भी प्रकार के कर नहीं लगाए जाएं। कहा कि नए करों का कतई भुगतान नहीं करेंगे।
चेतावनी देने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष भराड़ी शेर सिंह ऐठानी, सचिव प्रकाश जोशी, कपकोट अध्यक्ष तारा कपकोटी, सचिव हेम कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, रघुवीर बिष्ट, प्रकाश कांडपाल आदि थे।