बागेश्वर। कोरोना महामारी के चलते स्कूलों में अवकाश के बाद छात्र-छात्राओं की पढ़ाई सुचारुचलाने के लिए जिले के प्राथमिक स्कूलों के 16 हजार छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है।
राज्य सरकार ने दूसरी बार लॉकडाउन शुरू होने से पहले स्कूलों में प्रभावित हो रहे शिक्षण कार्य को यथासंभव सुचारु, नियमित रूप से करवाने के लिए सीईओ और शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करवाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने इंटरनेट, वाट्सएप, फेसबुक, ई-पाठशाला के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पढ़ाने को कहा है। उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह पिलख्वाल ने बताया कि जिले के 563 प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 16 हजार छात्र-छात्राओं को आठ मार्च से ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, चित्रकला, शारीरिक शिक्षा जैसे विषयों को पढ़ाकर गृहकार्य दिया जा रहा है। अगले दिन गृहकार्य जांचने के बाद नया टॉपिक पढ़ाया जाता है। साथ ही विषयों की वीडियो क्लिप भी भेजी जा रही हैं। जिन छात्र-छात्राओं के घर में वाट्सएप की सुविधा नहीं है उन्हें टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है। पढ़ाई के साथ अभिभावकों का फीडबैक भी लिया जा रहा है। सीईओ नरेश शर्मा और उपशिक्षाधिकारी पूनम चौहान ने छात्र-छात्राओं को शिक्षण गतिविधियों से जोड़े रहने के लिए शिक्षकों की सराहना की है।
जूनियर के शिक्षक पांच हजार छात्र-छात्राएं को पढ़ा रहे हैं ऑनलाइन
बागेश्वर। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव को लेकर चल रहे लॉकडाउन में जूनियर स्कूलों के शिक्षक छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ा रहे हैं। जिले के कुल 111 जूनियर स्कूलों में करीब पांच हजार बच्चे पढ़ते हैं। कई स्कूलों के शिक्षक प्राथमिक, जूनियर स्कूलों के बच्चों को एक साथ पढ़ा रहे हैं। वह सुविधा के अनुसार पढ़ाने के साथ गृहकार्य भी दे रहे हैं।