बागेश्वर। पिछले दिनों हुई बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया और दो घरों के आंगन टूट गए। भूस्खलन और मलबा आने से बंद हुई आठ सड़कों पर अब तक यातायात सुचारू नहीं हो सका है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को जिले में मौसम साफ रहा और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं, विगत दिनों की बारिश से परेणा निवासी जानकी देवी पत्नी का आवासीय मकान तीक्ष्ण क्षतिग्रस्त हो गया। लद्यूड़ा निवासी कुन्दन राम का आवासीय मकान आंशिक क्षतिग्रस्त हो गया। हरिनगरी निवासी भानुली देवी के घर का आंगन टूट गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भानी-हरसिंग्याबगड़, रमाड़ी-कनौली, उडियारकुड़ी-सन, कपकोट-किरौली, बदियाकोट-बोरबलड़ा, काफलीकमेड़ा, भयूं-गुलेर, नामतीचेटाबगड़ सड़कों पर यातायात बाधित है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। संवाद