लिफाफों में मतदान के लिए अपील पत्र डालते लोग
- फोटो : अमर उजाला
लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने को लेकर स्वीप टीम द्वारा प्रचार का अनोखा तरीका अपनाया है। टीम के सदस्य वैवाहिक सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शगुन में दिए जाने वाले लिफाफों के साथ मतदाता जागरूकता प्रपत्र भी दे रहे हैं। इसके माध्यम से 15 फरवरी को होने वाले विधान सभा चुनाव में अपने निकटतम बूथ पर जाकर मतदान करने की अपील की जा रही है।
बागेश्वर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और शत प्रतिशत मतदान के लिए जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने जिले में नवीन कार्यक्रमों को संपन्न कराने के आदेश दिए गए हैं। इसमें स्वीप टीम द्वारा एक अनूठा प्रयास यह किया जा रहा है। इसके तहत क्षेत्र में जहां पर भी विवाह कार्यक्रम हो रहे हैं उनमें शगुन में दिए जा रहे लिफाफों के साथ एक प्रपत्र भी दिया जा रहा है। इसमें मतदाताओं को अपने वोट के प्रति जागरूक रहने की अपील के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में अपने निकटतम मतदान केंद्र में जाकर वोट करने को प्रेरित किया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए स्वीप कॉर्डिनेटर आलोक पांडेय ने बताया कि इस अनूठे प्रसार कार्यक्रम के लिए 500 बारातों का लक्ष्य रखा गया है जिसके माध्यम से 50 हजार से अधिक मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्वीप टीम द्वारा पूरे जिले में जगह जगह जाकर लोकगीतों, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्कूल कॉलेजों में पोस्टर, भाषण, स्लोगन प्रतियोगिता आदि आयोजित कराए जा रहे हैं।