बागेश्वर में कोरोना जागरूकता रैली निकालते अधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से जब तक दवाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं नारे के साथ जिला मुख्यालय में कोरोना जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में डीएम विनीत कुमार, एसपी मणिकांत मिश्रा के साथ ही तमाम अधिकारी, आशा और आंगनबाड़ी कर्मी शामिल थे।
मंगलवार तहसील परिसर से जन जागरूकता रैली डीएम विनीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने अधिकारी, कर्मचारियों को कोरना संक्रमण के रोकथाम और बचाव के लिए जन जागरूकता की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि कोरना संक्रमण के रोकथाम और बचाव के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। कहा कि कोरोना का खतरा टला नहीं है। इसके लिए सभी को सतर्क और सावधान रहना होगा। किसी व्यक्ति में कोरना संक्रमण के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे छुपाएं नहीं बल्कि तत्काल अपने नजदीकी चिकित्सालय से संपर्क कर जांच कराएं।
तहसील परिसर से गोमती पुल, एसबीआई तिराहा, सरयू पुल होते हुए नुमाइशखेत मैदान पहुंचकर रैली का समापन किया गया। रैली में सीडीओ डीडी पंत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक महेश चंद्र जोशी, तहसीलदार नवाजिश खलीक, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता संजय शाह जगाती, बाल विकास परियोजना अधिकारी निर्मल बसेड़ा आदि मौजूद थे।