बागेश्वर। घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध पर उसकी नाक काटने का दुस्साहसिक मामला सामने आया है। आरोपियों पर नाबालिग के माता-पिता को घायल करने और लूटपाट का भी आरोप है। राजस्व पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
राजस्व पुलिस के अनुसार काफलीगैर तहसील के एक गांव में सोमवार रात करीब आठ बजे दो लोगों ने एक घर में घुसकर 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर धारदार हथियार से उसकी नाक काट डाली। किशोरी के माता-पिता ने विरोध किया तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। नाबालिग की मां और पिता के सिर पर गंभीर चोट आई हैं। तीनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया।
नाबालिग के पिता ने गिरीश परिहार, संजय मनकोटी पर आरोप लगाते हुए राजस्व उप निरीक्षक को तहरीर दी है। तहरीर में सोने के जेवरों के साथ 20 हजार रुपये की नकदी लूटने का भी आरोप है। मामले में एसडीएम को भी प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट, लूट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - तारा दत्त पाठक, राजस्व उप निरीक्षक