बागेश्वर/कपकोट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में तैनात संविदा नर्सिंग कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग तेज कर दी है। कर्मचारियों ने सांसद प्रतिनिधि के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। कोविड काल में कर्मचारियों की निष्ठा से की गई सेवाओं का संज्ञान लेते हुए सभी समस्याओं का जल्द निदान करने की मांग की।
संविदा नर्सिंग कर्मचारियों ने सांसद प्रतिनिधि दयाल ऐठानी को दिए ज्ञापन में बताया कि कोविड काल में कोरोना योद्धा बनकर कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कार्य के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने सेवा के अनुसार ही पद और नियमितीकरण करने की मांग की। कर्मचारियों ने नर्सिंग की परीक्षा को लेकर भी विरोध जताया। कहा कि अधिकतर कर्मचारी कोरोना ड्यूटी में तैनात हैं, ऐसे में वह कब परीक्षा की तैयारी करेंगे। कर्मचारियों ने पूर्व की भांति वरीयता और वरिष्ठता के आधार पर नर्सिंग कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। सांसद प्रतिनिधि ने उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर खड़क सिंह मेहरा, भावना शाही, संजय कपकोटी, अनीता जोशी, दीपा बढ़ती, नीतू लखेड़ा, अंजू जोशी, हरीश भट्ट आदि मौजूद रहे।