मौसम परिवर्तन के साथ ही लोगों को बीमारियां भी जकड़ रही हैं। सोमवार को चार सौ से अधिक मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें आधे से अधिक की संख्या मियादी बुखार से पीड़ित मरीजों की रही। दोपहर एक बजे तक पर्ची के लिए काउंटर में मरीजों की भीड़ जुटी रही।
होली पर्व के बाद बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह से ही मरीजों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। पर्ची काउंटर पर सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक मरीजों की भीड़ जुटी रही।
मरीजों ने पहले पर्ची के लिए कतार लगाई इसके बाद चिकित्सकों के केबिन के बाहर भी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। सोमवार को चार सौ से अधिक मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.अब्बास ने बताया कि इस समय मियादी बुखार चल रहा है।
ज्यादातर मरीज फीवर से पीड़ित देखे गए। इधर, जिले के कपकोट, कांडा, बैजनाथ सहित अन्य अस्पतालों में भी मियादी बुखार के मरीज पहुंचे। निजी अस्पतालों में भी रोगियों की काफी संख्या रही।
ऐसे रखें अपना ख्याल
1. खानपान पर ध्यान दें।
2. पानी उबालकर पीना चाहिए।
3. तली-भुनी चीजों से परहेज करें।
4. बासी खाना न खाएं।