चलन से बाहर हुए 500 और1000 रुपए के नोटों को बैंकों में जमा करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर को जिले के बैंकों में लगभग तीन लाख रुपए के पुराने नोट जमा हुए। 9 नवंबर से अब तक जिले के बैंकों में 1.65 करोड़ की करेंसी जमा हो चुकी है। शुक्रवार को इंटरनेट में आई गड़बड़ी के कारण आधे दिन कामकाज ठप रहा।
पुराने नोट जमा करने की अंतिम तारीख को भी कई लोग नोट जमा करने बैंकों में पहुुंचे। बैंकों में खूब भीड़ रही। हालांकि लेनदेन के लिए बैंक में आने वालों को दिन में एक बजे तक इंटरनेट के काम नहीं करने से घंटों तक कतार में खड़ा होना पड़ा। बैंक ऑफ बड़ौदा में लगभग डेढ़ लाख रुपए के पुराने नोट और पंजाब नेशनल बैंक में 15 हजार रुपए के पुराने नोट जमा हुए। सभी बैंकों को मिलाकर लगभग तीन लाख रुपए के पुराने नोट जमा होने का अनुमान है।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक आरएस पतियाल ने बताया कि जिले के कई बैंकों से अब तक 1.65 करोड़ के पुराने नोट जमा हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले के दूर-दराज के बैंकों से अभी पुराने नोट नहीं आए हैं। सभी बैंकों से करेंसी जमा होने के बाद इसे आरबीआई को भेजा जाएगा। इधर जिले में नई करेंसी का बड़ा संकट नजर नहीं आ रहा है। एसबीआई के पास 25 करोड़ की करेंसी है। पीएनबी के पास भी पर्याप्त कैश है। एटीएम भी चालू हालत में है। बैंक ऑफ बड़ौदा भी अपने ग्राहकों को जरूरत के हिसाब से पैसे दे रहा है।