कांडा (बागेश्वर)। कांडा कमस्यार के लोग एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के स्थानांतरित होने की सुगबुगाहट से भड़क गए हैं। सेंटर के स्थानांतरित होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि किसी भी कीमत में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर को जिला मुख्यालय शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि यदि यहां एएनएम सेंटर नहीं बनता है, तो यह कांडा कमस्यार के लोगों के साथ विश्वासघात होगा
कांडा कमस्यार के ग्रामीणों ने ग्रामसभा ससोना हथरसिया के सिमकुना तोक में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के लिए प्रस्तावित भूमि पर बैठक करते हुए कहा कि कांडा से एएनएम ट्रनिंग सेंटर को बागेश्वर के खोली बहुली में स्थानांतरित किया जा रहा है। कहा कि लंबे समय से यहां के लोग एएनएम सेंटर बनने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बकायदा लोगों ने इसके लिए 24 नाली जमीन दान दी है। प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तावित एएनएम सेंटर का भूमिपूजन और जमीन का हस्तांतरण हो चुका है। सेंटर के लिए लाखों रुपये खर्च कर बिजली की लाइन बिछाई गई है। पानी और सड़क की भी सुविधा है। ग्रामीणों ने कहा कि जानबूझकर कांडा कमस्यार से एएनएम सेंटर को बागेश्वर स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो न्यायोचित नहीं है। ग्रामीणों ने एएनएम सेंटर स्थानांतरित करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक में भुवन चंद्र कांडपाल, ललित मोहन कांडपाल, भूपेश उपाध्याय, हेम चंद्र पंत, विनोद कांडपाल, शेखर चंद्र, पूरन चंद्र, रमेश सिंह, नारायण राम आदि थे।