बागेश्वर। जिला अस्पताल के डेंटल सर्जन ही नहीं जिला अस्पताल के तीन डॉक्टर अन्यत्र संबद्ध हैं। एक डॉक्टर 17 साल से तो दो डॉक्टर तीन साल से अन्यत्र संबद्ध हैं। इसका असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में तैनात डेंटल सर्जन डॉ. दीपक कुमार सीपाल वर्ष 2007 से भीमताल सीएचसी में संबद्ध है। वर्ष 2007 में जिला अस्पताल में डेंटल सर्जन के तौर पर डॉ. दीपक कुमार सीपाल की तैनाती की गई थी। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल संबद्ध कर दिया गया। इस कारण जिला अस्पताल में दो डेंटल सर्जन के स्थान पर एक ही सर्जन तैनात है। मरीजों को तो इसका खामियाजा भुगतना ही पड़ रहा है।
जानकारी मिली है कि जिला अस्पताल में तैनात डॉ. मोहम्मद तय्यूब और डॉ. राशिदा रहमान करीब तीन साल से सीएचसी बाजपुर में संबद्ध हैं। दुर्गम में कार्मिकों को अलग से पर्वतीय भत्ता मिलता है। इन तीनों डॉक्टरों का वेतन बागेश्वर से आहरित हो रहा है।
स्वास्थ्य महानिदेशक उत्तराखंड, डॉ. विनीता साह ने बताया कि इस संबंध में सीएमओ से जानकारी हासिल की जाएगी। संबद्धिकरण निरस्त करने के संबंध में आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
विधायक, कपकोट, सुरेश गढ़िया ने बताया कि जिला अस्पताल के संबद्ध डॉक्टरों का मामला स्वास्थ्य महानिदेशक, स्वास्थ्य मंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री के सामने उठाया जाएगा। संबद्धिकरण निरस्त कराया जाएगा। संबंद्धिकरण निरस्त होने तक वेतन रुकवाया जाएगा।