बागेश्वर में नहीं सुधरी पानी की आपूर्ति
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। बागेश्वर नगर के मजियाखेत और तहसील रोड में चौथे दिन भी पानी की आपूर्ति ठप रही। तहसील रोड में जल संस्थान ने टैंकरों से पानी वितरित किया। मजियाखेत के अधिकांश लोगों ने बिलौना धारे से पानी ढोया। हैंडपंपों पर भी दिन भर खाली बर्तनों के साथ लोगों की भीड़ जुटी रही।
मूसलाधार बारिश के कारण बागेश्वर नगर के तहसील रोड, मजियाखेत और जिला न्यायालय में आपूर्ति करने वाली जखेड़ा और अमसरकोट की पेयजल योजनाएं चार दिन पूर्व ध्वस्त हो गई थी। इस कारण इन इलाकों में जबरदस्त पेयजल संकट बना हुआ है। शनिवार को जिला न्यायालय में जलापूर्ति सुचारु हो गई। जबकि मजियाखेत के अधिकांश इलाके और तहसील रोड में पानी नहीं आया।
नगर के जल संकट वाले क्षेत्रों में जल संस्थान ने टैंकरों से पानी बांटा। परंतु इसका लाभ केवल सड़क किनारे रहने वाले लोगों को ही मिला। हैंडपंपों पर भी दिन भर खाली बर्तनों के साथ लोगों की भीड़ जुटी रही। अधिकांश लोगों ने बिलौना धारे से वाहनों में पीने का पानी ढोया। परेशान नगरवासियों ने जल संस्थान से शीघ्र क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों का सुधार कर जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है।