गरुड़ (बागेश्वर)। इंटर कॉलेज गागरीगोल के बच्चों ने धूम्रपान के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया है। अभियान की शुरुआत बच्चों ने अपने ही स्कूल से करते हुए कहा कि यदि उनके स्कूल का कोई भी शिक्षक सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करते मिला तो उसे नमस्ते नहीं की जाएगी। यह भी निर्णय लिया यदि स्कूल का कोई छात्र ऐसा करते मिलेगा तो उससे भी हैलो हाय बंद कर दी जाएगी।
इंटर कॉलेज गागरीगोल में शनिवार को हुई गोष्ठी में कॉलेज के प्रबंधक दीपक पाठक ने कहा कि घर का मुखिया बीड़ी, सिगरेट नहीं पीएगा तो बच्चों का उस ओर ध्यान कतई नहीं जाएगा। प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पंत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने युवा पीढ़ी से धूम्रपान से दूर रहने का आह्वान किया। कॉलेज के एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी अंग्रेजी प्रवक्ता नंदन सिंह अल्मिया ने कहा कि धूम्रपान देखादेखी का नशा है।
पहले लोग बसों में सवारी करने के दौरान धूम्रपान करते थे। अब बस, कार में यात्रा के दौरान भी यात्री धूम्रपान से बच रहे हैं। बच्चों ने कहा कि अगर शिक्षक सार्वजनिक स्थलों में धूम्रपान करते दिखे तो नमस्ते बंद हो जाएगी। गोष्ठी में एसओ बैजनाथ कुंवर सिंह रावत, योगेश कांडपाल, गोविंद सिंह मेहता आदि ने विचार रखे।