बागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट पिंडारी ग्लेशियर के नजदीकी गांव खाती और वाछम आने वाले लोगों को अब गांव में प्रवेश के लिए आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे संक्रमण को रोकने के लिए गांववासियों ने यह फैसला लिया है। ग्रामीणों ने गांवों के प्रवेश द्वारों पर प्रहरी तैनात किए हैं। इनके भोजन और जरूरी सुविधाओं का जिम्मा ग्रामीण उठा रहे हैं।
क्षेत्र भ्रमण पर गए कपकोट के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने मल्ला दानपुर में सरयू और पिंडर घाटी के गांवों का दो दिवसीय भ्रमण किया।
उन्होंने सूपी, कर्मी, लोहारखेत, बदियाकोट, खाती, वाछम, तीख, सोराग, पेठी, चौड़ास्थल आदि 27 गांवों में जाकर कोविड व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सभी गांवों में ग्राम निगरानी समिति के सदस्यों की बैठक लेकर संक्रमण की स्थिति जानी। कोरोना टीकाकरण संबंधी जानकारी भी ली। उन्होंने हर ग्राम सभा में मास्क, सैनिटाइजर, आइवरमेक्टिन औषधि किट और कोरोना किट भी बांटी।
विधायक ने खाती और वाछम के लोगों की विशेष सराहना की। कहा कि कोरोना की रोकथाम के लिए सभी का जागरूक होना जरूरी है।
अगर गांव के लोग सतर्कता बरतेंगे और सरकार की गाइडलाइन का पालन करेंगे तो जल्द ही जिले को महामारी से निजात मिल जाएगी। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू, नोडल अधिकारी कुंदन लाल, वीपीडीओ कुंदन दानू आदि रहे।