बागेश्वर। कोरोना की दूसरी लहर तेजी से गांवों की ओर बढ़ रही है। कई प्रवासी कोरोना लेकर गांव पहुंच रहे हैं। इसे ग्रामीणों में दहशत है। इसके बावजूद जिले में कई लोग पूरी सावधानी रखते हुए गांव की सुकून भरी जिंदगी जी रहे हैं। गरुड़ विकासखंड का भकुनखोला गांव भी ऐसा ही है।
प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री और भकुनखोला के प्रधान हिमांशु खाती इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके माध्यम से लोगों को कोरोना के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। वह अपनी टीम के साथ लोगों के घर-घर जाकर जागरूक कर रहे हैं। प्रधान हिमांशु ने बताया कि गांव में करीब डेढ़ सौ परिवार रहते हैं।
इनकी आबादी करीब एक हजार है। उनका गांव कोरोना मुक्त है। पिछले वर्ष गांव में 30-40 प्रवासी आए थे लेकिन किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं मिले। इस वर्ष बाहर से कोई नहीं आया है। प्रवासी गांव में रहकर ही व्यवसाय और मजदूूरी कर रहे हैं।
इसके बावजूद ग्रामीणों की पूरी निगरानी की जा रही है। इस कार्य में गांव वाले भी सहयोग कर रहे हैं। शीघ्र ही गांव में फॉगिंग भी कराई जाएगी ताकि कोई भी ग्रामीण संक्रमण की चपेट में न आ सके।
गांव में लोगों को कोरोना के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण कोरोना नियमों का ईमानदारी से पालन करे रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
-हिमांशु खाती, प्रधान, ग्राम पंचायत भकुनखोला।
गांव वालों की जागरूकता से भकुनखोला में कोरोना कदम नहीं रख पाया है। लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लापरवाही बरतने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
-कमल वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, भकुनखोला।