गडेरा में टावर के निर्माण का शुभारंभ करते गढ़िया।
- फोटो : अमर उजाला
संचार सुविधा से वंचित गडेरा समेत कई अन्य गांवों के लोगों को अब जल्दी ही मोबाइल फोन पर अपने प्रियजनों से बात करने की सुविधा मिलेगी। गांव के एक सामाजिक कार्यकर्ता के प्रयासों से मंगलवार को गडेरा गांव में जीओ कंपनी का मोबाइल फोन टावर लगने का काम शुरू हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद्र सिंह गढ़िया ने फावड़ा चलाकर काम का श्री गणेश किया।
संचार क्रांति के तमाम दावों के बावजूद विकास खंड के गडेरा गांव में लोगों को दूर संचार सुविधा नसीब नहीं थी। सामाजिक कार्यकर्ता गढ़िया के प्रयासों से जीओ कंपनी गांव में मोबाइल फोन का टावर लगाने को राजी हुई। मंगलवार को कंपनी ने गांव के फुलई तोक में टावर खड़ा करने का काम शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने गढ़िया के सहयोग के प्रति आभार जताया। जीओ के प्रभारी सुदीप रावत ने बताया कि टावर की हवाई रेंज 500 मीटर होगी।
टावर के काम करने से लोग इंटरनेट सेवा का भी लाभ ले सकेंगे। टावर से गडेरा के अलावा गुलम, परगढ़, कपकोट, दूणी, लीली, पनौरा, गैनाड़, उत्तरौड़ा समेत कई अन्य गांवों के लोगों को संचार सुविधा मिलेगी। वहां ग्राम प्रधान नंदन राम, केदार सिंह गढ़िया, मोहन सिंह, राजेंद्र सिंह, खुशहाल सिंह, चंद्र राम आदि थे।