जनता दरबार में नौ फरियादियों ने गुहार लगाई। जनता दरबार में आपदा से नुकसान, मुआवजा न मिलने की समस्याएं छाई रहीं। प्रभावितों ने नुकसान की रोकथाम और भरपाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
सोमवार को डीएम रंजना राजगुरु के ईवीएम मॉकपोल में व्यस्तता के चलते सीडीओ एसएस पांगती ने जनता दरबार लगाया। फरियादियों को बारी-बारी से बुलाकर सीधे संवाद करते हुए समस्या सुनी। इस दौरान गडियागॉव तोक बिलौना के पूरन चंद्र पांडेय ने गड़ियागांव में बरसाती नाले से हो रहे भू-कटाव के कारण आवासीय भवनों और उपजाऊ कृषि को नुकसान का मामला उठाया। शेर सिंह निवासी चलखाना ने आपदा में आजीविका के साधन मत्स्य पालन टैंक, रेशम के लिए शहतूत के पेड़ उरेडा के घराट को 2012 आई आपदा के बाद भी नुकसान का मुआवजा न मिलने का मामला उठाया। दुगबाजार की कमला देवी ने इलाज और भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। जानकी आर्या ने घर के बाहर विद्युत के तारों के झूलने से खतरा बताया। कफौली के गोकुलानन्द पांडेय ने आपदा में क्षतिग्रस्त कार की कर माफी की मांग की। मंडलसेरा के भावना, मदन सिंह रौतेला, इंद्र सिंह रौतेला संयुक्त रूप से नाप जमीन की सही रिपोर्ट कानूनगो और पटवारी पर नहीं देने का आरोप लगाया। नुमार्इशखेत के नीरज उपाध्याय ने ग्रामीण बैंक की नीलाम भूमि धोखाधड़ी कर बेचने का आरोप लगाया।
इस दौरान डीडीओ केएन तिवारी, सीएमओ डॉ जेसी मण्डल, जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक, उपखण्ड शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, मुख्य कृषि अधिकारी बीपी मौर्या, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ उदय शंकर, जिला पूर्ति अधिकारी अरूण कुमार वर्मा, यूपीसीएल के ईई भाष्करानन्द पाण्डेय, ईई लोनिवि बागेश्वर एम.सी.शर्मा, कपकोट के संजय कुमार पांडेय, लीड बैंक अधिकारी रूद्र सिंह रावत, बाल विकास अधिकारी निर्मला अंसारी आदि थे।
ईवीएम मशीनों का मॉकपोल किया
बागेश्वर। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का मॉकपोल शुरू हो गया है। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पांच फीसदी मशीनों का मॉकपोल किया गया। सोमवार को डीएम की मौजूदगी में र्इसीआर्इएल के इंजीनियरों ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मशीनों का मॉकपोल किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल गोयल, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र आर्या, नोडल अधिकारी स्वीप कैलाश प्रकाश चंदोला, डॉ राजीव जोशी, राजनैतिक दल में सजय शाह जगाती, जगदीश चंद्र जोशी, किशन सिंह कठायत, किशन विश्वकर्मा, प्रभारी प्राचार्य बसंत कुमार जोशी, कविंद्र सिंह कन्याल आदि थे।