बागेश्वर। जिला मुख्यालय से देहरादून के लिए संचालित होने वाली रोडवेज बस सेवा से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रोडवेज की ओर से अब तक इस रूट पर पुरानी बस का संचालन किया जा रहा था। अब रोडवेज में नई बसों का बेड़ा आने के बाद रूट पर नई बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। नई बस का संचालन होने से यात्रियों का सफर आसान होगा।
बागेश्वर से देहरादून की दूरी लगभग 450 किलोमीटर है। इस लंबी और दुर्गम पहाड़ी यात्रा के लिए रोडवेज की ओर से अब तक पुरानी बसों का उपयोग किया जा रहा था। पुरानी बसें अक्सर चढ़ाई वाले रास्तों या सुनसान इलाकों में जवाब दे जाती थीं। कई बार बस खराब होने के कारण यात्रियों को पूरी रात बीच रास्ते में गुजारनी पड़ती थी या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था।
हाल ही में रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल की गईं हैं। पर्वतीय डिपो देहरादून ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए बागेश्वर रूट की बस को बदला है। नई बस के शामिल होने से अब न केवल सफर आरामदायक होगा, बल्कि तकनीकी खराबी के कारण होने वाली देरी से भी निजात मिलेगी।
......कोट
पर्वतीय डिपो देहरादून की ओर से संचालित देहरादून सेवा के लिए नई बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। नई बस के आने से यात्रियों का सफर आरामदायक हो रहा है। पुरानी बस कई बार खराब होती थी, अब उस समस्या से भी निजात मिल रही है। -अनिल सिंह, कार्यशाला प्रभारी रोडवेज डिपो बागेश्वर