मानसिक रूप से बीमार एक नेपाली युवक हाथ में चाकू लेकर महिला पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद व्यापारियों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद छोड़ दिया।
नगर की एक महिला शनिवार को बागनाथ मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी। तभी दुग बाजार के पास मानसिक रूप से बीमार युवक हाथों में चाकू लहराता हुआ वहां धमक गया। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद व्यापारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह चाकू लहराने लगा। इससे सभी लोग भयभीत हो गए। बाद में व्यापारियों ने उसे काबू में कर उसकी पिटाई कर दी।
इसके बाद ही डरी सहमी महिला घर को निकली। मालूम हो कि चार दिन पूर्व भी एक मानसिक रोगी ने जिला अस्पताल के पास राहगीरों और मरीजों के तीमारदारों के साथ अभद्रता कर दी थी। मानसिक रोगियों के नगरीय क्षेत्र में इस तरह की हरकतें करने से लोग भयभीत हैं। स्कूली बच्चों के लिए भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मानसिक रोगियों का उचित प्रबंध करने की मांग की है। ब्यूरो