बागेश्वर। नुमाइशखेत मैदान में स्वर्गीय चंदन राम दास की स्मृति में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन मुनस्यारी एफसी ने एकतरफा मुकाबले में माउंट बल्जूरी को 5-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में जुटे।
मुख्य अतिथि नरेंद्र खेतवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख 51 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की नकद धनराशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। मुकाबले में भूपाल नेगी और सनम पुन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। महेश पंत और आकाश कुमार ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। इस दौरान क्लब अध्यक्ष मनोज कपकोटी, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साह, कुलदीप मेहरा, कमल साह जगाती, धीरज मेहरा, रमेश तिवारी, शशांक कांडपाल, किशन सोनी, सुल्तान खान और गोविंद बल्लभ उपाध्याय आदि मौजूद रहे।