जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नगरपालिका ने बागेश्वर शहर की सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त करने का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन पालिका ने पुलिस की मौजूदगी में व्यापारियों द्वारा बेतरतीब तरीके से सड़कों पर फैलाया गया सामान हटवाया। इस दौरान सड़कों के किनारे खड़ी की गईं कई ठेलियों को जब्त कर पालिका के वाहन से थाने पहुंचाया गया। नगरपालिका की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।
मालूम हो कि बागेश्वर नगर अतिक्रमण की चपेट में है। कई दुकानदारों ने सड़क किनारे बनी नालियों के ऊपर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किया है। दुकानदार अपने सामान को सड़क तक फैलाए रखते हैं। इससे राहगीरों के लिए चलने तक को स्थान नहीं बचता। आए दिन जाम तो लगता ही है राहगीर वाहनों की चपेट में आते रहते हैं।
इस समस्या को देखते हुए पिछले दिनों जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए थे। सोमवार को नगरपालिका के ईओ ईश्वर सिंह रावत और कोतवाल डीआर वर्मा के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान कई व्यापारियों ने सड़कों तक सामान फैलाया था।
सभी व्यापारियों को सामान दुकान से बाहर नहीं फैलाने की हिदायत दी गई। खनन सामग्री सड़कों के किनारे डालने पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द हटाने को कहा। गोमती पुल के पास सड़क किनारे रखे गए खाली ठेले जब्त किए गए। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पहले दिन अतिक्रमण करने वालों को केवल हिदायत दी गई है। शहर में रोज अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी भी व्यापारी का सामान सड़क पर फैलाया पाया गया तो उसका चालान किया जाएगा।