सामा में लगे बहुउद्देश्यीय शिविर में बिजली, पानी तथा सड़क आदि से संबंधित 12 शिकायतें दर्ज हुईं, इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज सामा में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में कन्याधन के 23 छात्राओं को 11.50 हजार के चेक वितरित किए गए। पेंशन योजनाओं के 16 फार्म वितरित किए, विधवा का एक, वृद्धावस्था के तीन, विकलांग एवं परित्यक्ता का एक-एक आवेदन पत्र भरवाया गया। राजस्व विभाग की ओर से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के पांच-पांच हजार के दो चेक वितरित किए गए।
इस दौरान कपकोट विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के गंभीर प्रयास होने चाहिए। समाज कल्याण बोर्ड अनुश्रवण समिति की उपाध्यक्षा गीता ठाकुर ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर जोर देते हुए समाज कल्याण में संचालित पेंशन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। डीएम मंगेश कुमार घिल्डियाल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य में गुणात्मक सुधार लाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें भी क्षेत्र में चल रही योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए तथा विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति पर नजर रखनी चाहिए। शिविर में ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, ग्राम प्रधान हरीश कोरंगा, प्रकाश राम, प्रेमसिंह, सीडीओ एसएसएस पांगती, एसडीएम एनएस नगन्याल, बीडीओ बीसी पंत, सीवीओ डॉ. उदय शंकर, सीएमओ संजय साह आदि मौजूद थे।