जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने सांसद आदर्श गांव सूपी का दो दिवसीय भ्रमण किया। गांव में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं और अफसरों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनराल शुक्रवार को सूपी गांव पहुंचे। उन्होंने गांव के चहुंमुखी विकास के लिए अवस्थापना संबंधी आवश्यक योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। डीएम ने कहा कि गांव के चहुंमुखी विकास के लिए ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों को अहम भूमिका निभानी चाहिए। बगैर जनसहयोग के कोई भी कार्य सफल नहीं होते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ग्रामीणों की सलाह से विकास कार्यों को समय पर पूरा करें। अधिकारियों ने डीएम को गांव के विकास में बनाई गई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु जोशी ने कहा कि अधिकारियों द्वारा तैयार की गई योजनाओें के प्रस्ताव सामने हैं, ग्रामीणों की सलाह और जरूरत के अनुसार इसमें परिवर्तन किया जा सकता है। डीएम ने चौपाल में विभिन्न रंगाें से अवस्थापनाओं के साथ ही गांव का बड़ा सा नक्शा जमीन पर बनवाया। इस पर ग्रामीणों ने खासी रूचि दिखाई। नक्शे के जरिए ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं को विस्तार से रखा। बारिश में किन-किन क्षेत्रों में समस्याएं आएंगी, इस पर भी फोकस किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ग्रामीणों से हुई वार्ता के आधार पर ही योजनाएं तैयार करें।
वहां मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जेसी मंडल, डीडीओ डा. महेश कुमार, तहसीलदार कपकोट मदन सिंह बिरोड़िया, जिला पंचायत अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, बीडीओ बीसी पंत समेत विभिन्न विभागोें के अधिकारी मौजूद थे। ग्राम प्रधान यशपाल टाकुली ने गांव पहुंचने पर डीएम का स्वागत किया।