बागेश्वर। डीएम आशीष भटगांई ने अभियोजन, पुलिस, खनन, परिवहन, आबकारी, विस्थापन और राजस्व वसूली सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और पॉलीथिन उन्मूलन के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को हुई बैठक में डीएम ने नगर पालिका बागेश्वर की तर्ज पर नगर पंचायत गरुड़ , कपकोट में भी डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था शुरू करने को कहा। उन्होंने निकायों को वसूली बढ़ाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के सत्यापन करने को कहा।
डीएम ने 10 बड़े बकायेदारों की सूची तहसील परिसर में चस्पा करने के निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति विभाग को होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में छापा मारकर घरेलू सिलिंडरों के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आबकारी अधिकारी को कार्यप्रणाली में सुधार लाने को कहा।
वहां पर एसडीएम मोनिका, जितेंद्र वर्मा, अनिल सिंह रावत, प्रियंका रानी, ललित मोहन तिवारी, सीओ मनीष शर्मा, अभियोजन अधिकारी सीमा भेतवाल, शासकीय अधिवक्ता बसंत बल्लभ पाठक, जीबी उपाध्याय, एआरटीओ अमित मौजूद रहे।