घिंघारूतोला गांव में कटखने बंदरों ने एक ग्रामीण को काटकर घायल कर दिया। घायल ग्रामीण का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। फसलों को तबाह कर रहे बंदरों द्वारा लोगों पर हमला करने से ग्रामीण भयभीत हैं।
घिंघारुतोला निवासी महेश राम शनिवार की शाम को खेतों में फलों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों को भगा रहा था। इसी दौरान कटखने बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। कटखने बंदरों ने पैर और कमर सहित शरीर के तमाम हिस्सों में बुरी तरह से काट दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर कटखने बंदर वहां से भागे। घायल महेश राम को परिजन उपचार के लिए बागेश्वर लाए। घिंघारूतोला के ग्रामीणों ने बताया कि बंदर फलों और फसलों को बुरी तरह से बर्बाद कर रहे हैं। इससे पहले भी कई लोगों को काट चुके हैं। ग्रामीणों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।