बागेश्वर में विधायक को ज्ञापन देते डीएलएड प्रशिक्षु।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा विभाग की नियुक्तियों में बाहरी राज्यों के डीएलएड, बीएड व टीईटी प्रशिक्षुओं को मौका देने के निर्णय से डीएलएड प्रशिक्षुओं में रोष है। डायट में प्रशिक्षण ले रहे संस्थागत डीएलएड प्रशिक्षुओं ने शनिवार को विधायक चंदन राम दास को ज्ञापन सौंपा। दास ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मूल नियमावली के पंचम संशोधन को संशोधित कर पूर्ववत रखने की मांग की है।
विधायक दास को दिए पत्र में प्रशिक्षुओं ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने प्राथमिक शिक्षक नियमावली 2012 के पंचम संशोधन से राज्य के बाहर से डीएलएड, बीएड व टीईटी करने वाले अभ्यर्थियों को मौका देने से राज्य के बेरोजगारों का अहित होगा। सरकार के इस फैसले से डायट से प्रशिक्षण ले रहे 650 संस्थागत अभ्यर्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। बेरोजगार एनसीटीई के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण ले रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में शुभम साह, हेमंत लोबियाल, पंकज गोस्वामी, अंजना पंत, ममता तिवारी, भावना गोस्वामी, हिमांशु जोशी, कोमल बिष्ट, देवेंद्र कोरंगा और नरेंद्र कोरंगा थे।