बागेश्वर। विधायक सुरेश गढ़िया और डीएम आशीष भटगांई ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए विभागों को अपनी तैयारियां चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मानसून के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतने, अतिवृष्टि वऔर भूस्खलन से बाधित होने वाली सड़कों, बिजली और पेयजल आपूर्ति को जल्द बहाल करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। कपकोट तहसील सभागार में आयोजित बैठक में विधायक गढ़िया ने कहा कि क्षेत्र आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
उन्होंने आपदा प्रबंधन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संस्थान और बिजली विभाग को निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने विस्थापन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने, संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शून्य जन और पशुहानि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।डीएम भटगांई ने भी सभी विभागों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशील विद्यालयों और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाएं और एंबुलेंस की उपलब्धता रखने, पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर, विद्युत पोल, तार एवं ट्रांसफार्मर की व्यवस्था रखने को कहा। जिला पूर्ति अधिकारी को मानसून अवधि के लिए खाद्यान्न और ईंधन का पर्याप्त भंडारण करने, सिंचाई विभाग को संवेदनशील नदी, नाले, गधेरों में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में नपं अध्यक्ष गीता ऐठानी, ब्लाॅक प्रशासक गोविंद सिंह दानू, सीडीओ आरसी तिवारी, एडीएमी एनएस नबियाल, एसडीएम मोनिका, अनिल सिंह रावत समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।