बागेश्वर। एसीपी का लाभ बंद किए जाने से नाराज मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। आक्रोशित कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर एसीपी के दिए गए लाभ की वसूली बंद करने सहित 21 सूत्रीय मांगों को पूरा करने को कहा। कर्मचारियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।
उत्तराखंड फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल जोशी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने लोनिवि कार्यालय परिसर में नारेबाजी की। जोशी ने बताया कि पूर्व में फेडेरशन के सदस्यों की अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति की पात्रता अवधि 25 के स्थान पर 22 वर्ष किए जाने, स्थानांतरण में उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य बिंदुओं का निराकरण जल्द करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद एसोसिएशन की किसी भी समस्या का सकारात्मक निदान नहीं हुआ। कहा कि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों को पूर्व से 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर दिए जा रहे एसीपी का लाभ भी बंद कर दिया गया है और कर्मचारियों को दिए गए लाभ से जबरन वसूली करने का तर्कविहीन और अन्यायपूर्ण आदेश भी जारी कर दिया गया है, जिससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर कर्मचारियों ने 31 मार्च तक काला फीता बांधकर कार्य किया था। पांच से आठ अप्रैल तक कर्मचारी दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी 12 अप्रैल को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर शंकर नायक, महिमन सिंह, शंकर काला, राम सिंह आदि मौजूद रहे।
सरकार से की इक्कीस सूत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग
अल्मोड़ा। उत्तरांचल फेडरेशन आफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सरकारी विभागों के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने मंगलवार को भी सुबह दस से बारह बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। विभागीय कार्यालय प्रांगण में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और सरकार से इक्कीस सूत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने विकास भवन, शिक्षा विभाग समेत अन्य कार्यालय प्रांगण में मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। सरकार से सभी मांगों पर शासनादेश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि कार्मिकों के हितों पर कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनों में जिला अध्यक्ष सीएस नैनवाल, जगदीश सिंह, भगवान राम आर्य, प्रहलाद रावत, राम सिंह गैड़ा, अवनीश पडियार, प्रशांत शर्मा, सुमित कनवाल, गोपाल भाकुनी, गणेश राज, राजन नेगी, निर्मल जोशी, नवीन जोशी, पूरन भोज, अमरनाथ रजवार, केशर सिंह रावत, शशिमोहन पांडे, कलेक्ट्रेट संगठन की दीपशिखा मेलकन्या, दीपक तिवारी, मनोज कांडपाल, सुंदर सिंह, सुरेंद्र जोशी आदि ने भाग लिया।
शिक्षा निदेशक से मिले मिनिस्टीरियल कर्मचारी
अल्मोड़ा। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने देहरादून में शिक्षा निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आरके कुंवर से मुलाकात की और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
शिष्टमंडल ने वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक के पद पर पदोन्नति संशोधन, काउंसिलिंग की कार्रवाई करने, डिजिटाइजेशन का कार्य ब्लाक स्तर पर कराने की मांग की। इसके अलावा मृतक आश्रितों को सुगम क्षेत्र में नियुक्ति देने आदि बिंदुओं पर चर्चा की। संगठन के कुमाऊं मंडल सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि निदेशक ने मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। शिष्टमंडल में गढ़वाल मंडल अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा, यूएस नगर के हरजीत सिंह, वीरेंद्र पांडे, सुरेश सिंह, पिथौरागढ़ के सौरभ चंद, कमलेश गिरी, संजय भास्कर, अनूप पोखरियाल आदि शामिल रहे।